बदरीनाथ/रुद्रप्रयाग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई पंकज मोदी ने बृहस्पतिवार को बदरी-केदार के दर्शन किए।
बृहस्पतिवार सुबह सवा दस बजे पंकज मोदी हेलीकॉप्टर से बदरीनाथ धाम पहुंचे। उनके साथ कुछ साधु-संत भी थे। उन्होंने बदरीनाथ धाम में मत्था टेका और पंद्रह मिनट तक मंदिर के गर्भगृह में भगवान बदरीनाथ की पूजा में प्रतिभाग किया। पंकज मोदी प्रतिवर्ष भगवान बदरीनाथ के दर्शनों को आते रहते हैं। इसी वर्ष वे तीसरी बार बदरीनाथ धाम पहुंचे हैं। करीब एक घंटे धाम में रहने के बाद वे केदारनाथ धाम के लिए रवाना हो गए। दोपहर साढ़े 12 बजे पंकज मोदी केदारनाथ धाम पहुंचे। उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान, मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह और कार्याधिकारी एनपी जमलोकी ने उनकी अगवानी की। उन्होंने मंदिर में बाबा केदार के दर्शन कर करीब 15 मिनट तक पूजा-अर्चना की। मंदिर समिति ने उन्हें रुद्राक्ष की माला व प्रसाद भेंट किया।