गैरसैंण। थाना गैरसैंण पुलिस की ओर से किए गए सराहनीय कार्य के लिए स्थानीय लोगों ने पुलिस के अधिकारियों और जवानों को सम्मानित किया। लोगों ने अधिकारियों और जवानों को फूल मालाएं पहनाकर कर स्मृति चिह्न दिए। वरिष्ठ अधिवक्ता बीपी काला और जीजाईसी गैरसैंण के पीटीए अध्यक्ष मोहन पंत ने बताया कि थानाध्यक्ष रविंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में पुलिस की ओर से रामपुर (अल्मोड़ा) के लापता आठ वर्षीय बालक सूरज को उसके परिजनों को सौंपा और नगर में अपराध पर अंकुश भी लगा है। थानाध्यक्ष रविंद्र सिंह नेगी ने कहा कि जनता और पुलिस के आपसी समन्वय से ही क्षेत्र में अपराधों पर नियंत्रण रखा जा सकता है। इस मौके पर एसआई सुमित चौधरी, एएसआई प्रियंका, मनमोहन सिंह, धनवीर और ज्योति आदि मौजूद थे।