थराली। तीन दिवसीय काश्तकार एवं शिल्पी मेले का रंगारंग आगाज शुक्रवार को ग्वालदम में हुआ। इस दौरान मेले में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। राजकीय इंटर कालेज ग्वालदम के खेल मैदान में आयोजित मेले का उद्घाटन पूर्व प्रभागीय वनाधिकारी रमेश चंद्र शर्मा ने दीप प्रज्जवलित कर किया। उन्होंने कहा कि मेले का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण काश्तकारों की आर्थिकी में परिवर्तन करना है। मेले के संस्थापक किशन सिंह दानू ने कहा कि यह एकमात्र ऐसा मेला है जहां पर पूर्ण रूप से गढ़वाली और कुमाऊंनी संस्कृतियों का संगम होता है। इस दौरान मेले में लगे प्रदर्शनी स्टॉलों में कृषि, उद्यान एवं अन्य स्थानीय उत्पादों की जानकारी किसानों को दी गई। इस अवसर पर मेला समिति के अध्यक्ष विवेक शाह, उपाध्यक्ष महावीर सिंह शाह, कोषाध्यक्ष कुंदन सिंह परिहार, जिला पंचायत सदस्य भावना रावत, जिला पंचायत सदस्य बागेश्वर जितेंद्र मेहता, गरूड़ के ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश कोहली, प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कालेज ग्वालदम शंभू प्रसाद शर्मा, ग्राम प्रधान ग्वालदम मीनू टम्टा, व्यापार संघ अध्यक्ष अनिल नेगी, आलम सिंह शाह, क्षेत्र पंचायत सदस्य कला देवी आदि मौजूद रहे।