आदिबदरी। केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग के धनपुर रेंज की ओर से ग्राम पंचायत डांडा मज्याड़ी में वन्य जीव सुरक्षा पर गोष्ठी हुई। इसके साथ ही छात्रों, वन कर्मियों और ग्रामीणों ने जन जागरूकता रैली निकाली। गोष्ठी का शुभारंभ करते हुए ग्राम प्रधान दिनेश सिंह नेगी ने कहा कि मानव जाति और वन्य प्राणी एक दूसरे के पूरक हैं। प्रकृति का संतुलन बनाने के लिए ग्रामीणों और विभागीय कर्मियों को आपसी सहभागिता से पर्यावरण और वन्य जीवों के संरक्षण की दिशा में कार्य करना चाहिए। इस दौरान वन कर्मियों, राजकीय जूनियर तथा प्राथमिक विद्यालय डांडा मज्याड़ी के छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने जन जागरूकता रैली निकालकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर वन दरोगा बादर सिंह कठैत, वन बीट अधिकारी त्रिलोक सिंह नेगी, राजेंद्र कंसवाल, बीर सिंह, धीरेंद्र नेगी और राजकिशोर थपलियाल आदि ने विचार व्यक्त किए।