युकां ने फूंका केंद्र सरकार का पुतला
ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
ऋषिकेश। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में किसानों पर लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को केंद्र सरकार का पुतला फूंका। यूथ कांग्रेस के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष अमरजीत धीमान के नेतृत्व में कार्यकर्ता हरिद्वार रोड स्थित लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन तिराहे पर एकत्र हुए। इस दौरान केंद्र सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की और पुतला फूंका। इस मौके अमरजीत धीमान ने कहा कि किसानों पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया गया। अपने अधिकारों के लिए दिल्ली कूच के दौरान मोदी सरकार ने किसानों पर लाठियां बरसाई गई और आंसू गैस के गोले छोड़कर बर्बरता दिखाई। उन्होंने चेताया कि इसका जवाब देश के किसान आने वाले लोकसभा चुनावों में देंगे। प्रदर्शनकारियों में विपिन, प्रदीप, जगावर, रोहित, प्रवीन, नजीर, अतुल, दिवाकर, शुभम, अंसारी, दीपक, राज आदि शामिल रहे।