गोपेश्वर। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से संचालित सस्टनेबल रिडक्शन इन डिजास्टर रिस्क (एसआरडीआर) परियोजना से संबंधित गतिविधियों के क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों के साथ चर्चा की। डीएम ने जिला आपदा प्रबंधन के अधिकारियों को ग्राम पंचायत स्तर पर भी आपदा की मॉकड्रिल करने के निर्देश दिए। लोगों को बाढ़, भूकंप, अग्नि जैसी प्राकृतिक आपदाओं के संबंध में जानकारी देते हुए जागरूक करने को कहा गया। इसके साथ ही डीएम ने सार्वजनिक प्रतिक्षालयों एवं स्कूलों में वॉल पेंटिंग के माध्यम से प्राकृतिक आपदाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराने को कहा। इस मौके पर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने कहा कि एसआरडीआर परियोजना के तहत जिले को 39.54 लाख की धनराशि का प्राविधान रखा गया है, जिसमें से 27.68 लाख धनराशि प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि मार्च 2019 तक सभी ग्राम पंचायतों में आपदा प्रबंधन के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला और प्रथम चरण में 50 विद्यालयों में मॉक अभ्यास कराया जायेगा।