गोपेश्वर। स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के मौके पर सोमवार को जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान 20 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। एनसीसी के कैडेटों और राजकीय पॉलीटेक्निक के छात्रों के साथ ही जीजीआईसी गोपेश्वर की छात्राओं ने जन-जागरुकता रैली आयोजित कर लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए जागरूक किया। वहीं, जिला अस्पताल में सीएमओ डा. तृप्ति बहुगुणा की देखरेख में रक्तदान के प्रति जन जागरूकता के लिए भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता में अनुकृति डिमरी ने प्रथम, दीक्षा ने द्वितीय और आराधना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। क्विज प्रतियोगिता में दिया पंवार ने पहला, जीवंती ने दूसरा व करीना पुंडीर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। जबकि पोस्टर में आयुष बिष्ट, पीयूष व अनुप्रिया ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर डिप्टी सीएमओ डा. मयंक बडोला, एनसीसी के कमांडर कर्नल प्रकाश सिंह दशोनी, सूबेदार जयपाल सिंह, डीपीएम दीपक खंडूरी, डा. सुमन ध्यानी, विजय पंत, शशि देवली, उदय सिंह रावत, महेश देवराड़ी, एकता आदि मौजूद थे।