कीर्तिनगर। श्रीनगर जल विद्युत परियोजना प्रभावितों ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन उत्तराखंड संवैधानिक अधिकार संरक्षण मंच के बैनर तले ही संचालित हो रहा है। जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हो जाती, आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलनकारियों ने जिला प्रशासन व स्थानीय विधायक पर सहयोग न करने का आरोप लगाया है। उत्तराखंड संवैधानिक अधिकार संरक्षण मंच की प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष सुनीता पांडे ने कहा कि आंदोलन उत्तराखंड संवैधानिक अधिकार संरक्षण मंच के बैनर तले ही संचालित हो रहा है और जब तक मांगों पर कार्रवाई नहीं हो जाती आंदोलन इसी बैनर तले जारी रहेगा। पांडे ने आरोप लगाया कि कुछ लोग साजिशन आंदोलन को तोड़ना चाहते हैं। भ्रामक बयानबाजी कर मीडिया को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। सोमवार को धरने पर बैठने वालों में गीता देवी, विमला देवी, सरस्वती, भूपेद्र, सोहन लाल, मोहन लाल, महावीर भारती, नरेंद्र पुुंडीर, श्याम सिंह, महादेव प्रसाद आदि शामिल थे।