श्रीनगर। जीएसटी में पंजीकृत व्यापारी ही बैकुंठ चतुर्दशी मेले में अपनी दुकानें लगा पाएंगे। उक्त निर्णय व्यापार सभा की बैठक में लिया गया।
रविवार को स्थानीय कल्याणेश्वर धर्मशाला में व्यापार सभा की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभा के महामंत्री जगदीप रावत ने बताया कि भविष्य में बाजार बंद कराने संबंधी निर्णय पर व्यापार सभा को चार दिन पूर्व सूचित करना होगा। साथ ही उन्होंने बताया कि बैकुंठ चतुर्दशी मेले में उन्हीं व्यापारियों को दुकानें दी जाएंगी, जिनका जीएसटी में पंजीकरण होगा। इसके अलावा बताया गया कि छह अक्तूबर को श्रीनगर पहुंच रही हिमालयी संरक्षण रैली का भव्य स्वागत किया जाएगा। बैठक में जिलाध्यक्ष जयदेव सडाना, सुजीत अग्रवाल, देवेंद्र मणि मिश्रा, प्रवीण अग्रवाल, बासुदेव कंडारी, अवनीश सडाना आदि मौजूद थे।