ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। श्री वैष्णो माता मंदिर जौलीग्रांट की ओर से आयोजित किए जा रहे श्री गणेश महोत्सव का सोमवार को प्रतिमा विसर्जन के साथ समापन हो गया। समापन पर श्रद्धालु भगवान गणपति को विदा करने के लिए त्रिवेणी घाट ऋषिकेश गए। जौलीग्रांट स्थित श्री वैष्णो माता मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालु एकत्रित होने लगे थे। विधि विधान से पूजा अर्चना के बाद श्री गणेश महोत्सव का समापन हुआ। समापन पर श्रद्धालु बैंड बाजों और वाद्ययंत्रों की धुनों पर भगवान गणेश को लेकर त्रिवेणी घाट ऋषिकेश की ओर रवाना हुए। मंदिर की अध्यक्ष सरिता जोशी की अगुवाई में श्रद्धालुओं का समूह भजन कीर्तन करते हुए विभिन्न क्षेत्रों से होकर निकले। अपराह्न में प्रतिमा विसर्जन के बाद समापन हो गया। इस दौरान व्यास रजनीश भट्ट, दयावंती मिश्रा, बीना कुकरेती, राधिका, सीमा, स्वाति, क्वांरा देवी, मोनिसा, निशां आदि तमाम लोग मौजूद रहे।