श्रीनगर। गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर में असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ की। विवि के सुरक्षा अधिकारी ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
बिड़ला परिसर में स्थित एसीएल बिल्डिंग के तृतीय तल पर असामाजिक तत्वों ने हिंदी, संस्कृत, संगीत व चित्रकला विभाग के कई कक्षों के दरवाजे तोड़ दिए हैं। शिक्षकों को इस बात का पता तब चला जब वह सोमवार को अपने कक्षों में पहुंचे। संस्कृत विभाग में संविदा पर कार्यरत शिक्षक राधाकांत ने बताया कि शनिवार को वह पौने पांच बजे तक अपने कक्ष में थे। तोड़फोड़ की घटना शनिवार को पांच बजे बाद या रविवार को हुई है। वहीं विवि के सुरक्षा अधिकारी हेम जोशी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं। तोड़फोड़ मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी गई है। वहीं बिड़ला परिसर में तोड़फोड़ होने पर विवि में तैनात सुरक्षा एजेंसी पर सवाल उठाए गए हैं। विवि सुरक्षा एजेंसी को प्रतिमाह लाखों का भुगतान करता है।