जोशीमठ। नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क प्रशासन की ओर से अपने श्रमिकों को समय पर मेहनताना न देने के विरोध में पैनखंडा संघर्ष समिति ने तहसील परिसर में पार्क प्रशासन के विरुद्ध प्रदर्शन कर सांकेतिक धरना दिया। यहां आयोजित सभा में समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र सती ने कहा कि श्रम कानून के अंतर्गत मजदूरों के प्रतिदिन का मेहनताना 278 रुपये है, लेकिन पार्क प्रशासन की ओर से श्रमिकों को 229 रुपये के हिसाब से मेहनताना दिया जा रहा है, जो कि श्रम कानून का उल्लंघन है। एसडीएम जोशीमठ योगेंद्र सिंह ने इस संबंध में एक जांच कमेटी का गठन कर पार्क प्रशासन से जवाब मांगा है।