श्रीनगर। आपदा प्रचालन कंट्रोल रूम में शिकायत के बावजूद श्रीकोट में ड्रेनेज सिस्टम सुधर नहीं पा रहा है। यहां हल्की बारिश में भी गलियां व सड़के तालाब बन जाती हैं, जिससे कई बार राहगीर व स्कूली बच्चे चोटिल भी हो जाते हैं। बारिश होने पर यहां हर जलभराव की समस्या आम हो गई है। इस संबंध में बीते 25 अगस्त को आपदा परिचालन कंट्रोल रूम में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। रविवार शाम करीब 3 बजे हुई मूसलाधार बारिश के दौरान श्रीकोट की गलियां व राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह पानी से लबालब हो गई। स्थानीय निवासी गोकुलानंद ने बताया कि हल्की बारिश का पानी भी घरों के अंदर आ जाता है। सारी नालियां या तो क्षतिग्रस्त हैं या फिर चोक है। बताया कि जहां नालियां ठीक हैं, उनपर अतिक्रमण किया गया है, लेकिन प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। वहीं डीएम सुशील कुमार ने कहा कि जल्द ही श्रीकोट का ड्रेनेज सिस्टम का दुरुस्त कर लिया जाएगा। कहा कि नालियों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।