ग्राम प्रधानों ने किया एसआईटी जांच का विरोध
ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
कालसी। ग्राम प्रधान संगठन कालसी के सदस्यों ने एसआईटी जांच का विरोध किया है। कालसी ब्लॉक सभागार में शुक्रवार को आयोजित बैठक में संगठन के अध्यक्ष चरण सिंह चौहान ने कहा कि पंचायती राज मंत्री अरविंद पांडेय की नजरों में महज ग्राम प्रधान ही भ्रष्टाचारी है। यही कारण है कि सिर्फ उन्हीं के कार्यों की एसआईटी जांच के निर्देश दिए जा रहे हैं। ग्राम प्रधानों ने कहा कि एसआईटी जांच से परहेज नहीं है, लेकिन महज ग्राम पंचायतों को ही जांच के दायरे में लाने से लोग उन्हें दोषी और भ्रष्टाचारी समझ रहे हैं। ऐसे में सरकार को अन्य जनप्रतिनिधियों के कार्यों की भी एसआईटी जांच करानी चाहिए। बैठक में ग्राम प्रधान संगठन के सचिव रणवीर सिंह चौहान, केसर सिंह, सूर्यवीर सिंह चौहान, रविंद्र नेगी, सतपाल राय, विनीता, सुनीता, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।