पहलवान लाभांशु को न्यूजीलैंड से मिला न्योता
ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
तीर्थनगरी के युवा पहलवान लाभांशु शर्मा को न्यूजीलैंड ओलंपिक कुश्ती फेडरेशन की ओर से अभ्यास कराने का न्योता मिला है। फेडरेशन का मानना है कि युवा पहलवान का देश में अभ्यास शिविर आयोजित करने से न्यूजीलैंड के पहलवानों को कुश्ती खेल के प्रशिक्षण में लाभ मिलेगा। पहलवान लाभांशु शर्मा ने बताया कि न्यूजीलैंड में वहां के युवाओं व पहलवानों को अभ्यास कराने के साथ ही वह कुश्ती प्रतियोगिता में भी हिस्सा लेंगे। लाभांशु के अनुसार वह बहुत जल्द न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे। लाभांशु का कहना है कि यह उत्तराखंड व तीर्थनगरी के लिए गर्व की बात है, कि विदेशी धरती पर तीर्थनगरी के पहलवान को अभ्यास सत्र का अवसर मिला है।