जोशीमठ। बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ नाले में खतरनाक बना हुआ है। भारी बारिश से लामबगड़ नाले में दुपहिया वाहन फंस रहे हैं। यात्रा बसों की आवाजाही भी मुश्किल से हो पा रही है। मंगलवार रात को लामबगड़ क्षेत्र में हुई भारी बारिश से बुधवार को लामबगड़ नाले का जलस्तर बढ़ गया, जिससे वाहनों की आवाजाही में दिक्कतें हुई। गोविंदघाट पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा को देखते हुए नाले में एक-एक कर वाहनों की आवाजाही करवाई गई। इन दिनों बदरीनाथ धाम में दुपहिया वाहनों में कांवड़ियों की भीड़ उमड़ रही है। नाले में कांवड़ियों के वाहन भी फंस रहे हैं। मेकाफेरी कंपनी के इंजीनियर हिमांशु का कहना है कि क्षेत्र में हो रही भारी बारिश से हाईवे के सुधारीकरण का कार्य भी नहीं हो पा रहा है। मौसम सामान्य होने पर हाईवे का सुधारीकरण कार्य किया जाएगा। ब्यूरो