कर्णप्रयाग। डिम्मर-सिमली मोटर मार्ग पर निर्माणाधीन मोटर पुल की सामग्री लेकर गए भारी वाहन से सड़क की कई दीवारें धंस गई हैं। ऐसे में डिम्मर, सैंण, भभराड़ी, बांगड़ी आदि गांवों के ग्रामीणों की खाद्य और अन्य आवश्यक सामग्री ले जाने वाले छोटे वाहनों को आवाजाही को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व प्रधान सावित्री डिमरी, शैलेंद्र प्रसाद डिमरी, नरेश खंडूड़ी, शशिकांत डिमरी, डा. भुवनेश्वर प्रसाद डिमरी आदि ने बताया कि छह माह पूर्व लोनिवि गौचर की ओर से डिम्मर-सिमली मोटर मार्ग पर नव निर्मित पुल के निर्माण कार्य के लिए सामग्री ले जाई जा रही है। भारी वाहन से सड़क की कई दीवारें धंस गई है। उन्होंने शासन-प्रशासन और लोनिवि के अधिकारियों से क्षतिग्रस्त दीवारों का निर्माण करने की मांग की है।