पोखरी। राजकीय महाविद्यालय पोखरी में बीए संकाय में सीटें बढ़ाने की मांग पर सोमवार को छात्र-छात्राओं ने उच्च शिक्षा राज्य मंत्री और विवि प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। कहा गया कि छात्रों की इस न्यायोचित मांग पर कार्रवाई नहीं हो पा रही है, जिससे कई छात्र-छात्राएं बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए दूसरे महाविद्यालयों में जा रहे हैं। छात्रसंघ अध्यक्ष संदीप बर्त्वाल ने कहा कि अभी भी क्षेत्र के 62 छात्र-छात्राएं प्रवेश के लिए महाविद्यालय के चक्कर काट रहे हैं। उन्होंने महाविद्यालय में संस्कृत विषय के संचालन की मांग भी उठाई है। इस दौरान कई छात्र-छात्राएं मौजूद थे। ब्यूरो