कर्णप्रयाग। नगर के सुभाष नगर तिराहे पर एनएच की ओर से लाखों की लागत से बनाया गया रैंप क्षतिग्रस्त हो गया है।
छह माह पूर्व कर्णप्रयाग-नैनीताल हाइवे के सुभाष नगर तिराहे पर एनएच की ओर से करीब 10 लाख की लागत से रैंप का निर्माण कार्य किया था, लेकिन निमभन गुणवत्ता परक कार्यों के चलते रैंप क्षतिग्रस्त हो गया है। लोगों की शिकायत पर प्रशासन ने विभागीय अधिकारियों से सड़क को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे। इसके तहत कार्यदाई विभाग ने एक सप्ताह पूर्व सड़क पर एक और रैंप का आधा-अधूरा निर्माण कार्य कर अपने कार्यों की इतिश्री कर ली। अब इस खस्ताहाल सड़क पर जमा पानी और गड्ढों में कई बाइक सवार चोटिल हो चुके हैं। तुला राम सती, केपी सती, विनोद डिमरी, विनोद पुरोहित, बीरेंद्र डिमरी आदि ने शासन-प्रशासन से कार्यदाई विभाग के कार्यों की उच्च स्तरीय जांच कर सड़क को दुरुस्त करने की मांग की। एनएच के जेई गौरव भट्ट ने बताया कि एक सप्ताह में सुभाष नगर तिराहे के रैंप के निर्माण कार्य को पूरा कर दिया जाएगा।