कर्णप्रयाग। पिंडर घाटी में विगत 15 जुलाई को हुई भारी बारिश से थराली और देवाल ब्लाक में दो मोटर पुल बह गए, जबकि सात से अधिक पैदल पुलिया बाढ़ की भेंट चढ़ गई। इनमें प्रशासन ने अभी तक मोटर पुलों की सुध ली है और न ही किसी पैदल पुलिया की। ब्लाक प्रमुख उर्मिला बिष्ट के अनुसार 15 जुलाई की रात्रि में लोहाजंग-वाण मोटर मार्ग पर कुलिंग के पास एक लोहे का मोटर पुल और एक पुलिया बह गई, जबकि कुलिंग और बांक गांवों में चार से अधिक पैदल पुलिया बह गई थी, जिससे गांवों में आवागमन के रास्ते ठप हो गए। सोल पट्टी के रतगांव में एक मोटर पुल बाढ़ की भेंट चढ़ गया था, जबकि यहां गांवों को जोड़ने वाली तीन पैदल पुलिया भी बह गई। इस दौरान ग्रामीणों ने रतगांव में वैकल्पिक व्यवस्था से लकड़ी का पुल बनाने का प्रयास किया लेकिन इस प्रयास में रतगांव का ग्रामीण सुजान सिंह गदेरे के तेज बहाव में बह गया। बांक में ग्रामीणों ने एक वैकल्पिक पुल बनाया है। तहसीलदार एमएल भेंतवाल ने बताया कि देवाल के कुलिंग में पीएमजीएसवाई वैली ब्रिज बनाने का काम जल्द शुरू करेेगा। ब्यूरो