ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
वन, वन्यजीव एवं आयुष मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने शनिवार को भाऊवाला स्थित श्री गुरू राम राय इंटर कॉलेज में हर्बल वाटिका का शुभारंभ किया। उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी दीप्ति रावत, विधायक सहदेव पुंडीर और स्कूल प्रबंधक एचपी भट्ट के साथ मिलकर इस वाटिका में पौधे भी रोपे। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे लगाना सिर्फ औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्कृति से जुड़ा हुआ है। पेड़-पौधों के माध्यम से हम अपने जिंदगी के क्षणों को यादगार बना सकते हैं। सभी को घर में बच्चे के जन्म, मृत्यु और विवाह और कोई अन्य यादगार पल होने पर पौधरोपण करना चाहिए। उत्तराखंड विविधि बायो डायवर्सिटी वाला राज्य होने के साथ ही पूरे देश का ऑक्सीजन हब है। राज्य का 70 प्रतिशत से अधिक भू-भाग वनों से आच्छादित है। सभी को इस वन प्रतिशत को बढ़ाने में अपना सहयोग देना चाहिए। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने स्कूूल परिसर में एक हजार से अधिक पौधों को रोपने का संकल्प लिया। प्रधानाचार्य प्रदीप डबराल ने कहा कि स्कूल को ग्रीन स्कूल बनाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर एसजीआरआर मिशन के तहत संचालित विभिन्न स्कूलों के 49 छात्रों को सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश, यशपाल सिंह नेगी, ग्राम प्रधान प्रवीन चौहान, कर्नल(सेवानिवृत्त) डीबी सिंह, केएस घुघत्याल, शशिधर कुकरेती, जगदंबा प्रसाद पैन्यूली, राम लखन गैरोला आदि मौजूद रहे।