कर्णप्रयाग/नारायणबगड़। नारायणबगड़ ब्लॉक के उत्तरी कड़ाकोट पट्टी में पैदल पुुलों, रास्ते और सड़कों के क्षतिग्रस्त होने से लोग परेशान हैं। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य पुरुषोत्तम शास्त्री ने बताया कि विगत दिनों हुई बारिश से उत्तरी कड़ाकोट पट्टी के चार पैदल पुलों के बह जाने से सुनला-विनायकधार-भटियाणा-केदारकोट गांवों का संपर्क कट गया है। वहीं सोनला-भटियाणा-केदारकोट-कोठली सड़क में कई स्थानों पर मलबा आने और दीवारों के क्षतिग्रस्त होने से गांवों में खाद्यान्न संकट गहराने लगा है। कर्णप्रयाग ब्लॉक के ग्राम पंचायत जैकंडी के बणसोली गांव में बारिश के कारण एकल पेयजल योजना के क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को पानी को तरसना पड़ रहा है। ग्रामीण कैलाश खंडूड़ी, त्रिलोक कोठियाल, राकेश खंडूड़ी, कृष्णा देवी, ऊषा देवी, दीपा देवी, सुमन देवी, लक्ष्मी देवी आदि ने शासन-प्रशासन से क्षतिग्रस्त पेयजल योजना का पुनर्निर्माण करने की मांग की है।