श्रीनगर। टिहरी-मलेथा हाईवे वाहन चालकों सहित ग्रामीणों के लिए समस्या बना हुआ है। नालियों की सफाई न होने से बारिश का पानी व मलबा सड़कों पर फैल रहा है।
विकास खंड कीर्तिनगर के मलेथा से कांडीखाल के बीच स्थित ग्रामीण बाजार डांगचौरा, दुगड्डा, मालूपानी, टकोली, मैखंडी, जखंड व अमोली आदि स्थानों पर सड़क किनारे नालियों की सफाई न होने से बारिश का पानी व मलबा सड़क पर फैल रहा है। ग्राम प्रधान रामेश्वर लखेड़ा ने बताया कि अगर पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं की गई, तो पानी सड़क किनारे लोगों के घरों व दुकानों आदि में घुसकर नुकसान पहुंचा सकता है। प्रधान ने बताया कि जखंड में पुस्ता निर्माण आदि समस्या को लेकर विभाग को अवगत करवाया गया, लेकिन ध्यान नही दिया जा रहा है। पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख विनोद रावत ने समस्या पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि अमोली-धौडंगी बैंड पर मार्ग का बड़ा पुस्ता टूटा है, लेकिन विभाग की ओर से कोई इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। सहायक अभियंता राजेश शर्मा का कहना है कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं है, जो भी समस्या है उसका शीघ्र स्थलीय निरीक्षण कर समाधान किया जाएगा।