श्रीनगर। पूर्व में चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे राजकीय संयुक्त अस्पताल श्रीनगर में जनरल ड्यूटी मेडिकल अफसर (जीडीएमओ), लेडी मेडिकल अफसर (एलएमओ) और इमरजेंसी मेडिकल अफसर (ईएमओ) की कमी बनी हुई थी, लेकिन अब यह कमी दूर हो गई है। जीडीएमओ और एलएमओ के दोनों पद भर दिए गए हैं। पहले यहां 1-1 चिकित्सक ही तैनात थे। वहीं ईएमओ के दोनों पद रिक्त चल रहे थे। यहां शासन ने एक स्थायी चिकित्सक सहित 6 एमबीबीएस चिकित्सकों की तैनाती की है। इसके अलावा अस्पताल में सर्जन पहले से कार्यरत हैं। जबकि हड्डी रोग विशेषज्ञ ज्वाइनिंग के बाद से अवकाश पर चल रहे हैं। अस्पताल के प्रभारी प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. लोकश सलूजा ने बताया कि ईएमओ की तैनाती के बाद आपातकालीन मरीजों के स्वास्थ्य परीक्षण की दिक्कत खत्म हुई है। यहां अब 24 घंटे रोटेशन पर ईएमओ उपलब्ध रहेंगे।