ब्यूरो/अमर उजाला,रायवाला।
रायवाला में पेयजल सप्लाई टैंक में आई तकनीकी समस्या तीसरे दिन भी ठीक नहीं हो सकी, जिसके चलते क्षेत्र के कई इलाकों के उपभोक्ताओं के नल सुखे रहे। हालांकि जल संस्थान की ओर से लगातार पेयजल किल्लत झेल रहे उपभोक्ताओं को राहत देते हुए टैंकरों से आपूर्ति की गई। मंगलवार को रायवाला पंपिंग स्टेशन के सप्लाई टैंक में आई तकनीकी खराबी के चलते लगातार तीसरे दिन भी भारी पेयजल किल्लत बनी रही। उपभोक्ताओं को राहत देते हुए जल संस्थान की ओर से टैंकरों से आपूर्ति की गई, जिससे भीषण गर्मी में ग्रामीणों ने राहत महसूस की। विभाग की ओर से रायवाला बाजार, नई बस्ती, वाल्मीकि बस्ती, राव विहार कालोनी, खांडगांव नंबर-एक क्षेत्र में जल आपूर्ति की गई। दूसरी ओर जल संस्थान की तकनीकी टीम भी सप्लाई टैंक में आई खराबी को दुरुस्त करने में देर शाम तक जुटी रही। जल संस्थान के सहायक अभियंता एबीएस रावत ने बताया कि सप्लाई टैंक में आई तकनीकी खराबी को दुरुस्त करने में जुटी हुई है।