देवाल। ब्लाक के वाण-वेदनी-रूपकुंड ट्रैक मार्ग के इस बार पर्यटकों से गुलजार रहने की उम्मीद है। यहां लोहाजंग में सभी होटल और लॉज तीन माह के लिए बुक हो चुके हैं। पर्यटकों ने यहां एडवांस बुकिंग कराई है। पिछले 15 दिनों में 237 पर्यटक लोहाजंग पहुंच चुके हैं। हालांकि रूपकुंड के बर्फ से लकदक होने से पर्यटक कैलुवा बिनायक तक ही ट्रैकिंग कर पा रहे हैं। हर साल मई माह से रूपकुंड ट्रैक रूट पर पर्यटकों की आवाजाही शुरू हो जाती है। इस साल अधिक बर्फबारी के कारण पर्यटक कैलुवा बिनायक तक ही पहुंच रहे हैं। कैैलुवा बिनायक से साढ़े तीन किमी दूर रूपकुंड है, लेकिन इस मार्ग पर लगभग छह फीट बर्फ होने से पर्यटक रूपकुंड तक नहीं पहुंच पा रहे है। 18 मई को इस रूट से लौटे ट्रैकर राजेंद्र सिंह ने बताया कि हैदराबाद से आया चार सदस्यीय दल कैलुवा बिनायक से आगे नहीं पहुंच सका, वहीं लोहाजंग के होटल व्यवसायी इंद्र सिंह राणा ने बताया कि लोहाजंग में रूपकुंड जाने के लिए बंगलूरू, दिल्ली, चेन्नई आदि शहरों के 200 से अधिक पर्यटक पहुंचे हैं। इस बार ट्रैकिंग कंपनियों की ओर से लोहाजंग में होटलों की तीन माह की (जून, जुलाई, अगस्त) एडवांस बुकिंग हो गई है। ऐसे में इस बार तीन माह तक रूपकुंड ट्रैक मार्ग पर्यटकों से गुलजार रहेगा।