पीपलकोटी। राजकीय प्राथमिक विद्यालय निजमुला के छात्र-छात्राओं ने शैक्षिक भ्रमण के दौरान देवरियाताल और जड़ी बूटी शोध एवं विकास संस्थान का भ्रमण किया। छात्रों ने जहां देवरियाताल के नैसर्गिक सौंदर्य को देखा, वहीं हिमालयी जड़ी-बूटियों व उनके कृषिकरण की जानकारी भी ली। भ्रमण के दौरान प्रधानाध्यापिका सुमित्रा फरस्वाण ने छात्रों को हिमालयी क्षेत्र में उगने वाली जड़ी-बूटियों की जानकारी दी। साथ ही जड़ी बूटी शोध संस्थान मंडल में वैज्ञानिकों की ओर से छात्रों को औषधीय पादपों के वानस्पतिक नाम, औषधीय गुणों और कृषिकरण की जानकारी दी। शैक्षिक भ्रमण में विद्यालय के 25 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस मौके पर विक्रम रावत और पूनम फरस्वाण आदि मौजूद रहे।