ब्यूरो/अमर उजाला/चकराता।
थाना में जनमिलन बैठक का आयोजन किया गया। प्रभारी थानाध्यक्ष आरपी सिंह परमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में आर्य समाज के अध्यक्ष तीर्थ कुकरेजा ने कहा कि क्षेत्र की यातायात व्यवस्था पटरी से उतरी हुई है। चालक कहीं पर भी वाहनों को आड़ा-तिरछा खड़ा कर देते हैं। जिससे स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पुलिस द्वारा गश्त नहीं की जाती। स्थानीय निवासी केशर सिंह चौहान ने कहा कि चुंगी चौक, बस स्टैंड में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। क्षेत्र में नशे का कारोबार भी तेजी से फल-फूल रहा है। प्रभारी थानाध्यक्ष ने कहा कि जल्द ही वाहनों को आड़ा-तिरछा खड़े करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर भगत सिंह राणा, अंसार अली, दिलावर अली, सुहेल, नारायण दत्त आदि मौजूद रहे।