ब्यूरो/अमर उजाला/त्यूनी।
तहसील क्षेत्र के रड़ू गांव के घरों में इन दिनों दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। इससे लोग बीमार हो रहे हैं और डायरिया का खतरा सताने लगा है।
दो दशक पूर्व रड़ू गांव में पेयजल आपूर्ति के लिए बलाणू से पांच किमी लंबी पेयजल लाइन बिछाई गई थी। गांव में 70 परिवार निवास करते हैं। फिलवक्त पेयजल लाइन काफी जर्जर हो चुकी है, लेकिन विभाग सुध नहीं ले रहा है। इससे पानी के साथ सप्लाई में गंदा मटमैला पानी घरों में पहुंच रहा है। इससे लोगों को पेट संबंधी बीमारियां हो रही हैं। वहीं लोगों को डायरिया का खतरा सता रहा है। ग्रामीण कल्याण सिंह राणा, विशेष सिंह राणा, विजेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, बबलू राणा आदि का कहना है कि विभागीय अधिकारियों से शिकायत के बाद भी अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। सेहत बचाने के लिहाज पानी उबाल कर पीना पड़ रहा है। इसके अलावा साफ पानी डेढ़ किमी दूर से ढो कर लाना पड़ रहा है। जल निगम के अधिशासी अभियंता एसके बर्नवाल के अनुसार मामले में जेई से रिपोर्ट मांगी गई है।