गोपेश्वर। बदरीनाथ धाम में एसबीआई के एटीएम में 24 घंटे कैश मिल सकेगा। जिलाधिकारी आशीष जोशी ने बताया कि बदरीनाथ के एसबीआई शाखा में दिनभर में जमा हुई धनराशि को एटीएम में रखा जाएगा, जिससे तीर्थयात्रियों को धनराशि की कोई दिक्कत नहीं होगी। वहीं यात्रा पड़ावों के एटीएम में भी हर वक्त धनराशि मुहैया कराई जाएगी। डीएम ने बताया कि जिले में एक दिन में करीब चार करोड़ रुपये का लेन-देन एटीएम से होता है। जोशीमठ के एटीएम में छह करोड़ रुपये एडवांस में रखे गए हैं। जिले को 51 करोड़ रुपये मिले हैं, जिससे जिले में नकदी को लेकर हो रही परेशानी काफी हद तक दूर हो जाएगी।