नारायणबगड़। थराली ब्लॉक के मलियाल गांव, नारायणबगड़ के हसंकोटी और कौब गांव में ग्रामीणों ने पौराणिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए देवी देवताओं की पूजा अर्चना की। थराली के मलियाल गांव में आयोजित बैसाखी महोत्सव में मलियाल देवता की वैदिक मंत्रोच्चारों के साथ पूजा संपादित की गई। दोपहर को वीरभद्र देवता के रूप में स्थित मलियाल देवता की उत्सव डोली और देव निशाणों ने मंदिर परिसर में देव नृत्य कर श्रद्धालुओं को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद दिया। नारायणबगड़ के हंसकोटी और कौब गांवों में कालिंका माता और भूमियाल देवता की विधि-विधान से पूजा अर्चना की गई। देवी-देवताओं के पश्वाओं ने अवतरित होकर श्रद्धालुओं को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद दिया। शाम को आचार्यों ने देवी देवताओं की डोलियों और निशाणों को मंदिर के गर्भगृह में प्रतिष्ठापित किया। पिंडर घाटी के परंपरागत देव मेलों में सैकड़ों की संख्या में भक्तों ने प्रतिभाग कर पुण्य अर्जित किया। ब्यूरो