श्रीनगर। बैसाखी के दिन पूरे चैत्र मास में आयोजित फुलयारी महोत्सव (फूलदेई) का भी समापन हो गया। शनिवार सुबह फूलदेई महोत्सव के अंतिम दिन फुलयारियां विभिन्न प्रकार के फूलों से भरी थाली व टोकरी सजाकर घर-घर पहुंची व दहलीजों पर फूल डाले, जिसके बाद गृहस्वामियों की ओर से फुलयारियों को दक्षिणा देकर विदा किया गया। दूसरी ओर गांवों में भी इस त्यौहार को धूमधाम से मनाया गया। फुलयारी बच्चों को दक्षिणा के साथ ही चावल व गुड़ भेंट कर विदा किया गया। इसके बाद बच्चों ने भेंट में मिले चावल व गुड़ से जंगल में मीठा चावल का भोजन तैयार कर सामूहिक रूप से महोत्सव को मनाया।