ब्यूरो/अमर उजाला/चकराता।
मसूरी मार्ग पर परिवहन निगम की बस चलाने की मांग पर ग्रामीणों ने परिवहन निगम के महाप्रबंधक को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि चकराता और मसूरी दो महत्वपूर्ण पर्यटक स्थल है। लेकिन दोनों स्थलों के बीच में कोई भी बस नहीं चलती जबकि, चकराता से मसूरी की दूरी महज 77 किमी है। चकराता से मसूरी जाने के लिए पर्यटकों को वाहन बुक कराना पड़ता है या फिर वाया देहरादून 100 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। आगे पर्यटक सीजन शुरू हो रहा है। ऐसे में बस संचालित होने से पर्यटन में भी इजाफा होगा। लांगापोखरी, पुरोड़ी, मागटी, बैराटखाई, नागथात, लखवाड़, लक्सियार, जमनापुल समेत कई गांवों के लोग लाभान्वित होंगे। ज्ञापन भेजने वालों में माधो सिंह, जवाहर सिंह, सुनील राणा, सरदार सिंह, इंदर सिंह, चमन सिंह, मुकेश जोशी, महेंद्र सिंह, राम सिंह, कुंदन चौहान, राजपाल शर्मा आदि शामिल रहे।