ब्यूरो/जल संस्थान ने जल कर का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं से बकाया वसूली को लेकर नगर व ग्रामीण क्षेत्र में अभियान मंगलवार को भी जारी रखा। इस दौरान संस्थान कर्मियों ने पानी के बिलों का भुगतान नहीं करने वाले छह उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे और छह लाख, तीस हजार की राजस्व वसूली की। मंगलवार को जल संस्थान कर्मियों ने ऋषिकेश नगर क्षेत्र के आशुतोषनगर, वाल्मीकि बस्ती, आवास विकास कॉलोनी और आईडीपीएल स्थित बापूग्राम में अवशेष जल कर के लिए वसूली अभियान चलाया। विभाग के अवर सहायक अभियंता मनोज डबराल ने बताया कि अभियान के तहत जल कर नहीं देने वाले छह उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए। इसके अलावा पेयजल के बकाया बिलों का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं से छह लाख, तीस हजार के अवशेष राजस्व की वसूली की गई। उन्होंने लोगों से पेयजल कनेक्शन काटने की कार्रवाई से बचने के लिए बकाया बिलों का संस्थान में जल्द से जल्द भुगतान करने की अपील की है।