कर्णप्रयाग। शनिवार को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत ब्लाक के कोल्सों ग्राम पंचायत में दोना पत्तल लघु उद्योग का शुभारंभ किया। इस लघु उद्योग का संचालन गांव में गठित शक्ति ग्राम संगठन महिला समूह करेगा। यहां पहाड़ में बहुतायत मात्रा में उपलब्ध होने वाले मालू के पत्तों और कागच से दोने और पत्तल तैयार होंगे। लघु उद्योग का शुभारंभ करते हुए जिले के मुख्य विकास अधिकारी विनोद गोस्वामी ने कहा कि दोना पत्तल उद्योग महिलाओं की आर्थिकी को सुधारने में मील का पत्थर साबित होगा। खंड विकास अधिकारी ने महिला समूह को बैंक लिकेंज के माध्यम से उद्योग संचालन की जानकारी दी। आजीविका मिशन के प्रशांत सूरी ने माल उत्पादन, विक्रय के लिए बाजार और कच्चे माल की उपलब्धता की जानकारी महिलाओं को दी। ब्लाक प्रमुख राधा देवी ने महिलाओं से इस प्रकार के उद्योगों से लाभ लेने की अपील की। इस अवसर पर परियोजना सहायक प्रियंका डिमरी, राकेश कुमार, गिरीश नौटियाल, चंद्रकला नौटियाल आदि मौजूद थे।