ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
उड़ान स्कूल में बुधवार को हिन्दू नववर्ष चैत्र मास के उपलक्ष्य में लोकपर्व फूलदेई संक्रांति मनाई गई। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने विद्यालय के विभिन्न कमरों की दहलीज पर फूल डालकर लोगों को पर्व का संदेश दिया। इस अवसर पर उत्तम सिंह असवाल, प्रिया बिष्ट, दिव्या सक्सेना, निधि, प्रिया क्षेत्री, राजा धींगरा, प्रियंका कुकरेती, राहुल आदि मौजूद रहे। मायाकुंड स्थित उड़ान स्कूल में निदेशक डॉ. राजे नेगी ने बच्चों को बताया कि फूलदेई संक्रांति पहाड़ की परंपरा से जुड़ा त्योहार है। फूलदेई त्योहार पूरे महीने मनाया जाता है। इस मास में खासतौर पर पहाड़ी क्षेत्रों में छोटे-छोटे बालक-बालिकाएं जंगलों से फूल चुनकर लाते हैं और उन्हें सुबह सबेरे लोगों के घरों की देहरी पर डाला जाता है। माह समाप्ति पर घरों के बड़े बुजुर्ग बच्चों को उपहार स्वरूप चावल, गुड़, दक्षिणा व आशीर्वाद देते हैं।