ब्यूरो/ऋषिकेश। वीकेंड पर तीर्थनगरी में साहसिक खेल के लिए काफी संख्या में पर्यटक व तीर्थयात्री उमड़े, इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों से गंगा में व्हाइट वाटर राफ्टिंग का जमकर लुत्फ उठाया। गर्मी बढ़ते ही तीर्थनगरी में गंगा में राफ्टिंग के लिए विभिन्न राज्यों से पर्यटकों की आमद बढ़ने लगी है। रविवार को काफी संख्या में पर्यटक तीर्थनगरी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कौडियाला, शिवपुरी, ब्रह्मपुरी से गंगा में साहसिक खेल का लुत्फ उठाया। पर्यटकों की आमद बढ़ने से सुबह से देरशाम तक नदी में रंग बिरंगी राफ्टें तैरती हुई नजर आई। इस दौरान लोगों ने नदी में जमकर अठखेलियां की। दूसरी ओर वीकेंड पर गंगा स्नान व तीर्थ दर्शन के लिए भी काफी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे। उन्होंने त्रिवेणीघाट, मुनिकीरेती, स्वर्गाश्रम व लक्ष्मणझूला में विभिन्न घाटों पर गंगा में डुबकी लगाई और विभिन्न मठ मंदिरों के दर्शन, भ्रमण किया।