गोपेश्वर। चमोली जिले के 108 परीक्षा केंद्रों पर सोमवार से उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। पहला पेपर अच्छा आने से छात्र-छात्राओं में उत्साह का माहौल है। छात्र-छात्राओं ने कहा कि सभी प्रश्न पढ़े हुए ही आए थे। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोपेश्वर और पठालीधार की इंटरमीडिएट की छात्रा सारिका, अर्चना, सोनी, लता, पूजा, नेहा और पूनम का कहना है कि हिंदी का पेपर अच्छा आया था। मुख्य शिक्षा अधिकारी ललित मोहन चमोला ने जीआईसी घाट और बांजबगड़ परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि जिले में परीक्षा शांतिपूर्वक शुरू हो गई है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में 15212 परीक्षार्थी शामिल हैं। नकलविहीन परीक्षा के लिए सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए हुए हैं।