देवप्रयाग। विकासखंड के रणसोलीधार में एसबीआई की शाखा खोलने की मांग को लेकर क्षेत्र के एक प्रतिनिधिमंडल ने एसबीआई के क्षेत्रीय महाप्रबंधक से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि क्षेत्रीय जनता को बैंक सुविधा के लिए 20 किमी दूर जाना पड़ रहा है। क्षेत्र में 89 राजस्व गांवों के साथ ही पांच इंटर कालेज, 23 प्राथमिक विद्यालय, पांच राजस्व चौकियों के साथ ही बड़ी संख्या में अन्य विभागों के कर्मचारी तैनात है। क्षेत्र में बैंकिंग सुविधा नहीं होने से कर्मियों सहित गांव की महिलाओं व दिव्यांगों को 20 किमी दूर बागवान आदि बैंक शाखाओं में जाना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल की मांग पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक ने क्षेत्र में बैंक शाखा खोले जाने के लिए शीघ्र सर्वेक्षण करवाए जाने का आश्वासन दिया है। प्रतिनिधि मंडल में समाजसेवी कुलदीप सिंह रावत, चंद्रबदनी विकास क्षेत्र समिति के अध्यक्ष शूरवीर सिंह, उपाध्यक्ष भगवती प्रसाद डंगवाल मौजूद थे। ब्यूरो