जोशीमठ। चमोली जिले में रविवार को भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम खराब रहा। बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शाम को हल्की बर्फबारी हुई। बीते शनिवार को जिले में हुई बारिश और बर्फबारी के बाद रविवार को मौसम सामान्य हो गया था, लेकिन दोपहर बाद अचानक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दोबारा मौसम खराब हो गया। बदरीनाथ धाम में करीब दो और हेमकुंड साहिब में तीन फीट ताजी बर्फ जम गई है। औली में भी आधा फीट बर्फ जमीं हुई है। रविवार को मौसम सामान्य होने के बाद औली में स्कीइंग खेलने के लिए स्थानीय खिलाड़ी उमड़ पड़े।