ब्यूरो/डोईवाला। फिल्म अभिनेत्री श्रद्धा कपूर नई टिहरी में बत्ती गुल मीटर चालू फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में उत्तराखंड पहुंच गई है। वह दोपहर 12.50 बजे मुंबई से जेट एयरवेज की हवाई सेवा से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंची। एयरपोर्ट पर उन्हें लेने के लिए यूनिट के सदस्य आए थे। इसके मद्देनजर एयरपोर्ट पर पर्याप्त पुलिस सुरक्षा की गई थी। इस दौरान श्रद्धा कपूर को देखने के लिए उनके काफी संख्या में प्रशंसक भी पहुंचे थे, लेकिन उन्होंने प्रशंसकों को मायूस किया। वह एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से नई टिहरी के लिए रवाना हो गई। बताया गया कि बत्ती गुल मीटर चालू फिल्म की साठ फीसदी शूटिंग उत्तराखंड में नई टिहरी व इसके आसपास के क्षेत्रों में की जानी है, जिसके चलते कुछ समय तक यूनिट के सदस्यों की एयरपोर्ट पर आवाजाही बनी रहेगी।