कर्णप्रयाग। चांदपुर क्षेत्र के सिद्धपीठ शैलेश्वर मेले का आगाज 11 फरवरी को रुद्राभिषेक कार्यक्रम के साथ होगा। चार दिवसीय शैलेश्वर महादेव सांस्कृतिक एवं विकास मेले में पहले दिन कर्णप्रयाग संगम से शैलेश्वर तक जलकलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद मेले में महिला मंगल दल कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। मेला समिति के विनोद नेगी ने बताया कि 12 फरवरी को रस्साकशी प्रतियोगिता और भस्मासुर नाटिका का मंचन किया जाएगा। 13 फरवरी को खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी। 14 को समापन दिवस पर पतंजलि योग पीठ की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मेले का समापन होगा। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक संस्थाओं के कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी देंगे।