वसंत पंचमी पर श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी
-- ब्रह्ममुहूर्त से दोपहर बाद तक चला स्नान, दान का सिलसिला
-- मंदिर, घरों और स्कूलों में की गई भगवान विष्णु व मां सरस्वती की पूजा आराधना
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। वसंत पंचमी के पावन पर्व पर तीर्थनगरी में हजारों श्रद्धालुओं ने मोक्षदायिनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और गरीबों, ब्राह्मणों को पीली वस्तुओं, फल आदि का दान देकर पुण्य कमाया। इस दौरान लोगों ने मंदिरों और घरों में भगवान विष्णु की आराधना की, जबकि स्कूलों में मां सरस्वती की पूजा अर्चना की गई। सोमवार को वसंत पंचमी स्नान पर्व पर तीर्थनगरी में हजारों लोगों ने गंगा स्नान किया। इस दौरान पर्व के मद्देनजर ब्रह्ममुहूर्त से ही त्रिवेणीघाट, मुनिकीरेती, स्वर्गाश्रम, लक्ष्मणझूला, तपोवन, बैराज आदि क्षेत्रों में गंगा घाटों, तटों पर स्नानार्थियों की आमद बढ़ने लगी थी। श्रद्धालुओं ने मोक्षदायिनी में डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया और पितरों को तर्पण व ब्राह्मणों, गरीबों को पीली वस्तु, पीला चावल, पीले फल व दक्षिणा भेंटकर धर्म कमाया। गंगातटों पर स्नान, दान, तर्पण का सिलसिला दोपहर बाद तक अनवरत जारी रहा। इस दौरान स्थानीय ही नहीं, देश दुनिया से तीर्थनगरी में जुटे श्रद्धालुओं व सुदूर पहाड़ी अंचलों से पर्व स्नान के लिए आए लोगों ने भी मोक्षदायिनी में डुबकी लगाई।