श्रीनगर। विकासखंड कीर्तिनगर के क्षेत्रपाल भैरव की त्रिवर्षीय जात में श्रद्धालुओं का दिन भर तांता लगा रहा। इस मौके पर दूर दराज क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने देवता को भेंट चढ़ाकर मन्नत मांगी। क्षेत्रीय विधायक ने भी देवता के दर्शन कर क्षेत्र की सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान विधायक ने कहा कि शीघ्र ही शीलगांव को मोटर मार्ग से जोड़ने के लिए लिंक मार्ग स्वीकृत करवाया जाएगा। विधायक ने मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए डेढ़ लाख की धनराशि भी दी। इस मौके पर मंदिर समिति के अध्यक्ष वीरबल सिंह डुंगरियाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत, उम्मेद सिंह मेहरा, देवता के पश्वा कुंदन सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। दूसरी ओर विकासखंड खिर्सू के जामणाखाल में आयोजित माता भवनी के एक दिवसीय मेले में लोगों ने बड़ी संख्या में माता के दर्शन किए। मंदिर समिति के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि इस दौरान माता को एक दर्जन से अधिक ध्वजा भेंट कर क्षेत्र की सुख समृद्धि की कामना की गई। इस अवसर पर मंदिर समिति के सचिव पुरुषोत्तम घिल्डियाल, कोषाध्यक्ष कृष्णा सिंह, ग्राम प्रधान मेहरवान सिंह, नरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में माता के भक्त मौजूद थे। ब्यूरो