देवाल। 28 दिसंबर को भींकलताल से लापता दिल्ली के पर्यटक को प्रशासन ने सकुशल खोज निकाला। पर्यटक वापसी के दौरान रास्ता भटक गया था।
26 दिसंबर को एक 20 सदस्यीय पर्यटक दल लोहाजंग से ब्रह्मताल गया था। 27 को यह दल ब्रह्मताल से रात को भींकलताल पहुंचा। दल को 28 दिसंबर को लोहाजंग लौटना था, लेकिन लोहाजंग सिर्फ 19 ट्रैकर ही पहुंच पाए। दिल्ली निवासी अमन अग्रवाल (20) का आसपास कहीं पता नहीं चला। तब इसकी सूचना पर्यटक दल ने प्रशासन को दी। वन विभाग के रेंजर टीएस बिष्ट ने बताया कि 28 दिसंबर को जब दल लोहाजंग लौट रहा था तब भींकलताल से नीचे तिराहे (रतगांव, लोहाजंग व बमोटिया गांव जाने के लिए) से अमन अग्रवाल रतगांव के रास्ते पर चला गया, जबकि अन्य साथी लोहाजंग के लिए चल दिए। पर्यटक की खोज के लिए प्रशासन टीम भेजने की तैयारी में थी कि 29 दिसंबर को रतगांव के ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। तब पुलिस रतगांव पहुंची और पर्यटक को देवाल ले आई। एसओ शशि भूषण जोशी ने बताया कि पर्यटक की थराली स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य जांच करवाई गई। उसका स्वास्थ्य ठीक है। उसके परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है।