ब्यूरो/अमर उजाला, मसूरी
विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल बृहस्पतिवार को सपरिवार छावनी परिषद् लंढौर के गेस्ट हाउस पहुंचे। यहां से उन्होंनेे विंटर लाइन के अद्भुत दृश्य का आनंद लिया। मसूरी विधायक गणेश जोशी भी उनके साथ थे। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि मसूरी पहाड़ों की रानी है। यहां से नजर आने वाली विंटर लाइन प्रकृति का अद्भुत दृश्य है, जो विश्व में केवल मसूरी और स्विट्जरलैंड से दिखाई देता है। सरकार प्रयास करे और इसके लिए व्यू प्वाइंट बनाए तो पर्यटन को बड़ा लाभ होगा। उन्होंने कहा कि इस दृश्य को देख आत्मिक शांति मिलती है। इस दौरान अग्रवाल ने एक बार फिर दोहराया कि प्रदेश की राजधानी पहाड़ पर होनी चाहिए। सरकार भी इस ओर सकारात्मक रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास प्रचंड बहुमत है। लिहाजा इस पर शीघ्र फैसला लेना चाहिए। विधायक जोशी ने कहा कि नए व्यू प्वाइंट बनाए जाएंगे, ताकि पर्यटक प्रकृति के शानदार नजारे देख सकें।