पथरी(ब्यूरो)। हाथियों के गन्ने की फसल को नुकसान पहुंचाने पर किसानों ने मुआवजे की मांग की है।
रानीमाजरा, पुरानी कुंडी, धारीवाला व टिकौला गांव में बुधवार की रात में हाथियों ने खेतों में घुस कर गन्ने की फसल को काफी नुकसान पहुंचाया । किसानों का कहना है कि कई साल पहले हाथियों की रोकथाम के लिए गंगा किनारे तटबंध पर तारबाड़ लगाई गई थी। अब यह तारबाड़ जगह-जगह से टूट गई है। जिस वजह से हाथी आसानी से गंगा के उस पार से खेतों में घुस आते है। ग्राम प्रधान नवीन चौहान का आरोप है कि सूचना के बावजूद वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचते है। सुशील सैनी, मोहित सैनी, बाबूराम, ओमपाल, मुकुल, सतपाल, पृथ्वी सिंह, भगवान सिंह आदि किसानों ने वन अधिकारियों से रात में क्षेत्र में गश्त कराने की मांग की है। साथ ही ग्रामीण विधायक स्वामी यतीश्वरानंद और वन अधिकारियों से फसलों का मुआवजा दिलाने की मांग की। हरिद्वार ग्रामीण विधायक स्वामी यतीश्वरानंद का कहना है कि क्षेत्र के किसानों को जंगली जानवरों से फसलों के नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने के लिए मुख्यमंत्री व वन मंत्री से वार्ता की जाएगी। दूसरी ओर वन विभाग के उप रेंज अधिकारी राजेश कुमार का कहना है कि बजट के अनुसार ही किसानों को फसल के नुकसान का मुआवजा दिया जाता है।