गोपेश्वर। दिल्ली में आयोजित उत्तराखंड रंगमंच-शताब्दी नाट्योत्सव में गोपेश्वर की अक्षत नाट्य संस्था के कलाकारों ने ‘रंग्यू बाखरु’ नाटक का मंचन किया।
नौ दिसंबर को दिल्ली के एलटीजी ऑडिटोरियम मंडी हाउस में आयोजित नाट्योत्सव में गोपेश्वर के कलाकारों ने ‘रंग्यू बाखरु’ नाटक से समाज में फैले अंधविश्वास पर करारी चोट की। नाटक के माध्यम से बलि प्रथा को बंद करने का आह्वान किया गया। ‘रंग्यू बाखरु’ नाटक के मंचन को बीते वर्ष श्रीनगर (गढ़वाल) में आयोजित उत्तराखंड रंगमंच शताब्दी नाट्योत्सव में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ था। नाटक का निर्देशन अक्षत नाट्य संस्था के अध्यक्ष विजय वशिष्ठ और लेखन बॉलीवुड अभिनेता जगत रावत ने किया है। इस मौके पर सचिव ओम प्रकाश नेगी, हरीश भारती, प्रभा गौड़, कैलाश भट्ट और दीवान सिंह नेगी आदि मौजूद थे।