गौचर। राइंका गौचर के कक्षा 7 के मेधावी छात्र मृत्युंजय बिष्ट का चयन राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव प्रतियोगिता के लिए हुआ है। मृत्युंजय ने राज्य स्तरीय विज्ञान महोत्सव में प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त कर विद्यालय और जनपद का गौरव बढ़ाया है। भरत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश में 15 से 18 नवंबर तक आयोजित हुए तीन दिवसीय राज्य स्तरीय विज्ञान महोत्सव में चमोली जनपद के 36 छात्र छात्राओं ने भाग लिया था। जिसमें से एक मात्र छात्र मृत्युंजय बिष्ट का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। मृत्युंजय ने डिजिटल तथा तकनीकी समाधान विषय पर अपना मॉडल प्रस्तुत किया जिसमें बेलून तकनीकी से पहाड़ी क्षेत्रों में संचार व्यवस्था को उपयोगी बनाने का प्रदर्शन किया गया। अध्यापक बीरेंद्र सिंह नेगी के कुशल मार्ग निर्देशन में मृत्युंजय ने तैयार किए गए मॉडल को गाइड शिक्षक सुभाष सती की देख रेख में प्रस्तुत किया गया। बुधवार को मृत्युंजय की इस सफलता पर विद्यालय परिवार की ओर से उसे सम्मानित किया गया। पालिका अध्यक्ष मुकेश नेगी, विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी, डीपीसी सदस्य इंदू पंवार, सभाषद अनिल नेगी, व्यापार संघ अध्यक्ष ताजवर भंडारी, पीटीए अध्यक्ष लक्ष्मी कांत देवली, विजय प्रसाद डिमरी, डायट प्राचार्य के सिंह आदि ने खुशी व्यक्त करते हुए छात्र मृत्युज्जंय और शिक्षक बीरेंद्र सिंह नेगी को बधाई दी है।