तहसील क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग को लेकर मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार को सहसपुर में छरबा लांघा रोड पर 30 बीघा और शंकरपुर में 15 बीघा अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। टीम ने पिछले तीन दिनों में छह स्थानों पर करीब 151 बीघा प्लॉटिंग को ध्वस्त किया है।
विकासनगर में कार्यालय खोलने की तैयारी के साथ एमडीडीए क्षेत्र में पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। कार्यालय खुलने में अभी एक माह का समय और लग जाएगा। इधर, एमडीडीए के सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज और उनकी टीम ने अवैध रूप से प्लॉटिंग करने वाले कॉलोनाइजर पर कार्रवाई शुरू कर दी है। टीम शुक्रवार को सहसपुर स्थित छरबा लांघा रोड पहुंची। यहां कुलदीप और धीरेंद्र 30 बीघा में अवैध प्लांटिंग कर रहे थे। टीम ने प्लॉटिंग के रास्ते और नींव आदि को जेसीबी से तोड़ दिया। उसके बाद टीम शंकरपुर पहुंची। यहां भी वसीम और ओमप्रकाश के 15 बीघा क्षेत्र में की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया।
सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज ने बताया कि तीन दिनों से कार्रवाई जारी है। बताया कि शिमला बाइपास पर शेरपुर पॉवर ग्रिड के पास जबर सिंह के 30 बीघा, शिमला बाइपास पर शेरपुर फॉरेस्ट चौकी के पास जितेंद्र जोशी के 45 बीघा, सहसपुर स्थित कैंचीवाला में साहिब सिंह के 16 बीघा और दून कॉलोनी डूंगा में सुरेंद्र पुंडीर के 15 बीघा में की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि सभी लोग बिना स्वीकृति और नक्शे के प्लॉटिंग कर रहे थे। बताया कि पूर्व में सभी छह लोगों को नोटिस जारी किए गए थे। बावजूद सभी ने प्लॉटिंग का काम जारी रखा। टीम में जेई जितेंद्र मौर्या, जेई पीएमयू युगांत रावत, सुपरवाइजर अजय श्रीवास्तव, अमर लाल भट्ट और पुलिस बल शामिल रहा।